Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124
Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चुनावी रंग जमाने के लिए गृहमंत्री अमित शाह और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा रविवार को आ रहे हैं। शाह दो दिन के छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। वहीं प्रियंका गांधी वाड्रा राजनांदगांव और कांकेर में जनसभा को सम्बोधित करेंगी। 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कार्यक्रम भी तय हुआ है। वे अंबिकापुर में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा लेंगे।
राज्य में पहले चरण में बस्तर लोकसभा सीट पर मतदान निपटने के बाद भाजपा व कांग्रेस के स्टार-प्रचारकों के दौरे शुरू हो गए हैं। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह कल राज्य के चुनावी दौरे पर आ रहे हैं। उनका दो दिवसीय कार्यक्रम तैयार है। वे राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व डिप्टी सीएम विजय शर्मा व अरुण साव के साथ बैठक करेंगे। बाद में वे राज्य के मंत्रियों और भाजपा विधायकों के साथ वन टू वन चर्चा भी करेंगे। 22 अप्रैल को कांकेर में शाह की आमसभा रखी गई है। कांकेर की सभा के बाद शाह महाराष्ट्र रवाना होंगे। इधर, कांग्रेस की स्टार प्रचारक पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी रविवार को ही छत्तीसगढ़ आ रही हैं। उनका राजनांदगांव और कांकेर क्षेत्र का दौरा तय किया गया है। छत्तीसगढ़ आगमन पर सबसे पहले कांग्रेस महासचिव राजनांदगांव के मोहर में जनसभा करेंगी। इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल के पक्ष में प्रचार और जनसभा को सम्बोधित करेंगी। इसके बाद वे कांकेर लोकसभा क्षेत्र के हाथौद में सभा लेंगी और कांग्रेस प्रत्याशी विरेश ठाकुर के पक्ष में प्रचार करेंगी।
24 को आएंगे पीएम मोदी
इधर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी छत्तीसगढ़ का दौरा कार्यक्रम आ गया है। पीएम मोदी 24 अप्रैल को अंबिकापुर में आमसभा को सम्बोधित करने आ रहे हैं। पीएम मोदी की आमसभा अंबिकापुर के उसी कॉलेज में होने वाली है, जहां 11 साल पहले बनाए गए प्रतीकात्मक लाल किले से उन्होंने जनता को सम्बोधित किया था। उपमुख्यमंत्री अरुण साव के मुताबिक, सरगुजा की जनता ने सपना देखा था कि नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री के रूप में लाल किले की प्राचीर से देश को सम्बोधित करें। यह सपना पूरा हो चुका है। मोदी 10 वर्षों से देश के प्रधानमंत्री हैं। साव ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ तीसरी बार मोदी सरकार बनाने के लिए नहीं है, बल्कि विकसित भारत और तीसरी आर्थिक शक्ति के लिए महत्वपूर्ण है। गौरतलब है कि 8 दिसम्बर 2013 को नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अंबिकापुर के कॉलेज मैदान से सभा को सम्बोधित किया था। उस वक्त छत्तीसगढ़ में डॉ. रमन सिंह की सरकार थी। उस दौरान विकास यात्रा के समापन कार्यक्रम में मोदी ने प्रतीकात्मक लाल किले से सभा को सम्बोधित किया था।