Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124
Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124

भिलाई। महतारी वंदन योजना का लाभ लेने वाले महिलाओं को अपने खाते को डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ भुगतान) से जोड़ना अनिवार्य है। योजना के तहत आवेदन करने वाली महिलाओं को जब इसकी जानकारी मिली तो बैंकों में डीबीटी कराने महिलाओं की लंबी कतारे लगने लगी है। बीते तीन दिनों से भिलाई दुर्ग के तमाम बैंकों में महिलाओं की भीड़ देखी जा सकती है। यह भीड केवल और केवल अपने खाते को आधार के जरिए डीबीटी कराने के लिए है। बैंकों में भीड़ को देखते हुए दुर्ग कलेक्टर ऋृचा प्रकाश चौधरी ने रविवार को भी बैंकों को डीबीटी के लिए खुला रखने का निर्देश दिया है।
बता दें छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महतारी वंदन योजना की घोषणा की है। 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिलाओं को डीबीटी के माध्यम से राशि का भुगतान किया जाना है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रति माह 1000 रुपए यानी सालाना 12000 रुपए दिया जाएगा। राशि का भुगतान ऑनलाइन डीबीटी के माध्यम से किया जाना है। इसके लिए पात्र महिलाओं का बैंक खाता डीबीटी से लिंक होना अनिवार्य है। कुछ दिन पूर्व की जिला प्रशासन द्वारा इस संबंध में बताया गया कि पात्र महिलाओं का खाता डीबीटी लिंक होना चाहिए। जैसे ही इसकी जानकारी लगी महिलाओं में डीबीटी कराने की होड़ मच गई है। हालात यह है कि बैंकों में सुबह से डीबीटी कराने वालों की भीड़ लग रही है। शहर के अधिकतर बैंकों में इसके लिए अलग से काउंटर बनाकर खातों का डीबीटी किया जा रहा है।
कलेक्टर ने लीड बैंक मैनेजर का पत्र लिख दिए निर्देश
कलेक्टर ऋृचा प्रकाश चौधरी ने महिलाओं को समस्या को देखते हुए प्रबंधक अग्रणी बैंक दुर्ग के नाम पर पत्र जारी कर निर्देशित किया है। उन्होंने पत्र के माध्यम से कहा है कि छत्तीसगढ़ शासन, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महतारी वंदन योजना के क्रियान्वयन की कार्यवाही की जा रही है। इस योजना के तहत 21 वर्ष से अधिक उम्र की विवाहित, तलाकशुदा, परित्यक्ता महिलाओं को प्रतिमाह राशि 1000 उनके आधार लिंक बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया जाना है। जिले में बैंक खातो को आधार लिंक करने के लिए 59420 का लक्ष्य है, जिसमें से जिले के अधिकांश महिलाओ का बैंक खाता आधार से लिंक नहीं हुआ है। इस कार्य की समय सीमा में 5 मार्च तक पूर्ण किया जाना है। इसके लिए अवकाश दिवस यानी रविवार 3 मार्च को महिलाएं बैंक में जाकर अपना खाता आधार लिंक व डीबीटी सक्रिय करवा सकते है। बैंक में रविवार को सिर्फ महतारी वंदन योजना के कार्य ही स्वीकार होंगे । इसके अलावा बैंकर्स प्रत्येक बैंक मे 2 से 5 मार्च तक महतारी वंदन योजना के आधार लिंक एवं डीबीटी क्रियान्वयन के लिए विशेष काउन्टर की सुविधा भी उपलब्ध करायेगे।
148 आंगनबाड़ी केन्द्रों में पात्र महिलाओं की सूची उपलब्ध
भिलाई निगम आयुक्त देवेश कुमार ध्रुव ने जानकारी देते हुए बताया कि भिलाई निगम क्षेत्र में संचालित 148 आंगनबाड़ी केन्द्रों में उन हितग्राहियो की सूची उपलब्ध कराई गई है, जिन्होने महतारी वंदन योजना के साथ जो बैंक खाते संलग्न किये है वे आधार लिंक एवं डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) से जुड़े नही है। आवेदिका अपने निकट के आंगनबाड़ी केन्द्रों में जाकर सूची का अवलोकन भी कर सकते है। हितग्राही अपने बैंक खाते को प्रत्यक्ष लाभ भुगतान यानि डीबीटी. 5 मार्च तक अवश्य करवा लें।