मैक्सवेल ने की हिटमैन रोहित शर्मा के पांच टी20 शतक के रिकॉर्ड की बराबरी, वेस्टइंडीज के खिलाफ किया धमाका


एडिलेड। ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच एडिलेड में खेले जा रहे दूसरे टी20 में ग्लेन मैक्सवेल ने धमाकेदार पारी खेलते हुए 55 गेंद में नाबाद 120 रन बनाए। इसकी बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 241 रन बनाए। मैक्सवेल के टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का यह पांचवां शतक रहा। उन्होंने इस मामले में हिटमैन रोहित शर्मा की बराबरी कर ली है। रोहित ने भी पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़े हैं।

वेस्टइंडीज के खिलाफ मैक्सवेल ने 50 गेंद में ही शतक पूरा किया था। एक वक्त ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 64 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। उसके बाद मैक्सवेल ने स्टोइनिस के साथ 82 रन की साझेदारी की। स्टोइनिस 15 गेंद में 16 रन बनाकर आउट हुए। इस बीच मैक्सवेल ने दूसरे छोर से चौके-छक्के की बरसात जारी रखी और फिर पांचवें विकेट के लिए टिम डेविड के साथ 95 रन की नाबाद साझेदारी निभाई। यह साझेदारी इन्होंने महज 39 गेंद में की। मैक्सवेल 55 गेंद में 12 चौके और आठ छक्के की मदद से 120 रन बनाकर नाबाद रहे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 241.67 का रहा। वहीं, टिम डेविड 14 गेंद में दो चौके और दो छक्के की मदद से 31 रन बनाकर नाबाद रहे। उनका स्ट्राइक रेट 221.43 का रहा।

मैक्सवेल पिछले कुछ समय से शानदार फॉर्म में रहे हैं। दो टी20 शतक तो उन्होंने चार महीने के अंदर बनाए हैं। पिछला टी20 शतक मैक्सवेल ने पिछले साल नवंबर में भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान लगाया था। मैक्सवेल ने जब नवंबर में भारत के खिलाफ टी20 शतक जड़ा था तो तब भी रोहित के चार शतक के रिकॉर्ड की बराबरी की थी। हालांकि, उसके बाद रोहित ने हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पांचवां शतक जड़ आगे निकल गए थे। अब मैक्सवेल ने फिर से बराबरी कर ली है।