MMS कांड में विधायक यादव का बयान दर्ज बोले- राजेश मूणत केस की तरह इसकी भी CBI जांच हो


भिलाई नगर। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव सोमवार को MMS कांड के मामले में अपना बयान दर्ज कराने थाने पहुंचे। भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी और थाना प्रभारी राजकुमार लहरे ने उनका बयान दर्ज किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि, जैसे राजेश मूणत केस में CBI जांच हुई वैसे ही इस MMS की भी CBI जांच हो।

भिलाई नगर थाने में विधायक देवेंद्र यादव करीब डेढ़ घंटे रुके। इस दौरान MMS के सोर्स, उसके प्रचार-प्रसार और देवेंद्र यादव की ओर से पहले तथ्य दिए गए थे उसे लेकर सवाल हुए हैं। वहीं CSP भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी ने कहा कि, ये बयान कोर्ट में पेश किए जाएंगे।

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान एक MMS वायरल हुआ था। वीडियो में एक युवक एक लड़की के साथ आपत्तिजनक हालत में था। भाजपा के कुछ लोगों ने ऐसा दावा किया था कि MMS में महिला के साथ जो युवक है वो विधायक देवेंद्र यादव है। यह वीडियो कई वॉट्सऐप ग्रुप में भी फॉरवर्ड हुआ था।

वीडियो वायरल होने के बाद विधायक देवेंद्र यादव ने रोते हुए सफाई दी थी। दावा किया था कि MMS में दिख रहा व्यक्ति देवेंद्र यादव नहीं है। उन्होंने कहा था कि वो MMS चार महीने पहले उनके पास आया था। इसको लेकर उन्होंने भिलाई नगर थाने में शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस ने उस MMS की जांच भी कराई थी, जिसमें यह बताया गया कि एमएमएस में दिख रहा व्यक्ति देवेंद्र यादव नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया था कि विपक्ष के लोगों ने उन्हें बदनाम करने के लिए फर्जी MMS जारी किया है। साथ ही एक फॉरेंसिक रिपोर्ट भी दिखाई जिसमें बताया गया कि वीडियो में दिख रहा शख्स कोई और है। बताया जा रहा है कि, सबसे पहले ये वीडियो हैदराबाद से जारी हुआ था। इसके बाद से वो नम्बर लगातार बंद आ रहा है, जिसके जरिए वीडियो वायरल हुआ।