Bhilai Breaking : खाट के नीचे मच्छर अगरबत्ती जलाकर सोई बुजुर्ग महिला जिंदा जली, कंबल के जरिए फैली आग


भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई। बुजुर्ग महिला की खाट के नीचे घरवालों ने रात में मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती जलाई। मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती के संपर्क में आने से कंबल में आग लगी और देखते ही देखते खाट जल गया और बुजुर्ग महिला जिंदा आग में समा गई। परिवार के लोगों ने सुबह देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद जामुल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना जामुल थाना क्षेत्र के नगर पालिका परिषद् जामुल के वार्ड 7 लीला चौक की है। यहां रहने वाली दुखिया बाई (90) शुक्रवार रात अपने कमरे में सोई हुई थी। बजुर्ग महिला का बेटा और बहू अलग कमरे में सोए हुए थे। मच्छर से बचाने के लिए बहू ने वृद्धा के कमरे में मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती जलाकर खाट के नीचे रख दिया। रात में ठंड ज्यादा होने के कारण वृद्धा ने कंबल ओढ़ लिया। खाट के नीचे जल रही अगरबत्ती कंबल को लगी और देखते ही देखते आग लग गया। आग ने खाट को भी अपनी चपेट में ले लिया।

बताया जा रहा है बुजुर्ग महिला काफी अस्वस्थ रहती है और उम्र ज्यादा होने के कारण ठीक से चल भी नहीं पाती थी। आग लगने के बाद भी वह खाट से उतर नहीं पाई और शोर भी मचा न सकी। देखते ही देखते खाट के साथ वह भी आग की भेंट चढ़ गई। शनिवार सुबह जब बेटा और बहु ने बुजुर्ग महिला के कमरे में देखा तो उनके होश उड़ गए। इसके बाद आनन फानन में पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची जामुल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेजा। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों के हवाले कर दिया।