नक्सलियों ने की कांग्रेस नेता की बेरहमी से हत्या, 20 से ज्यादा नक्सली पहुंचे थे गांव… जांच में जुटी पुलिस


दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में कांग्रेस नेता व पूर्व जनपद सदस्य की नक्सलियों ने बेरहमी से हत्या कर दी। 20 से अधिक की संख्या में पहुंचे नक्सलियों ने पहले जनपद सदस्य को घर से बाहर निकाला और घर के सामने ही हत्या कर दी। इसके बाद नक्सली भाग गए। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार कांगेस नेता जोगा पोडियामी पूर्व जनपद सदस्य रह चुका है। कांग्रेस पार्टी के लिए निरंतर कार्य करते हुए इन दिनों वह लोकसभा चुनाव की कैंपेनिंग भी कर रहा था। बताया जा रहा है जोगा की इन्हीं गतिविधियों के कारण वह नक्सलियों की हिट लिस्ट में भी था। शुक्रवार की रात को करीब 20 से अधिक नक्सली जोगा पोडियामी के घर पहुंचे। जहां से उसे घर के बाहर लाकर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी गई।

बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने लोकसभा चुनाव में कैंपेनिंग के लिए चेतावनी भी दी थी। इसके बाद जोगा अपना काम करता रहा। लगातार लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करता रहा। शुक्रवार रात को नक्सलियों ने उसे टारगेट किया और निर्ममता से उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आसपास के क्षेत्रों में सर्चिंग की जा रही है।