महाराष्ट्र MLC चुनाव में NDA ने 9 सीटें जीतीं, कांग्रेस के 7 से 8 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की


मुंबई। महाराष्ट्र में विधान परिषद (MLC) के चुनाव में NDA को जबर्दस्त जीत मिली है। गठबंधन ने 11 में से 9 सीटें जीत ली हैं। वहीं INDIA गठबंधन के तीन प्रत्याशी खड़े थे, जिनमें 2 ही जीत सके। कांग्रेस के 7 से 8 विधायकों के क्रॉस वोटिंग करने की खबर है। 11 सीटों पर हुई काउंटिंग में भाजपा को 5, शिवसेना शिंदे और NCP अजित पवार गुट को 2-2 सीटों पर जीत मिली है। वहीं I.N.D.I.A गठबंधन से शिवसेना (UBT) और कांग्रेस ने एक-एक सीट जीती हैं। शरद पवार के समर्थन से खड़े जयंत पाटिल चुनाव हार गए हैं। 11 सीटों के लिए शुक्रवार (12 जुलाई) यानी आज ही वोटिंग हुई थी। इसके बाद काउंटिंग हुई।

विधान परिषद चुनाव में जीत के लिए एक कैंडिडेट को 23 विधायकों के वोट चाहिए थे। इनमें भाजपा के 103, शिवसेना (शिंदे गुट) के 38, NCP (अजित गुट) के 42, कांग्रेस के 37, शिवसेना (यूबीटी) के 15 और NCP (शरद पवार) के 10 विधायक हैं।

विधान परिषद के 11 सदस्य 27 जुलाई को रिटायर हो रहे हैं। इनकी जगह भरने के लिए 11 सीटों पर 12 उम्मीदवार मैदान में थे। महाराष्ट्र की 288 सीटों वाली विधानसभा में अभी 274 विधायक हैं, जिन्होंने इनके लिए वोट किया। फायरिंग केस में जेल में बंद गणपत गायकवाड़ ने भी वोट डाला। महाराष्ट्र में सत्ता संभाल रही महायुति (एनडीए) ने चुनाव में 9 कैंडिडेट उतारे थे। इसमें BJP ने सबसे ज्यादा 5 कैंडिडेट, अजित पवार की NCP और शिवसेना शिंदे गुट ने दो-दो कैंडिडेट थे। विपक्ष में बैठी महाविकास अघाड़ी के 3 उम्मीदवार मैदान में थे। इसमें कांग्रेस और शिवसेना- UBT ने 1-1 कैंडिडेट खड़ा किया है, जबकि शरद पवार की NCP यानी NCP-SP शेतकरी कामगार पक्ष के उम्मीदवार जयंत पाटिल का समर्थन कर रही थी।