Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124
Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124
भिलाई। भिलाई स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड गंगा-जमुनी तहज़ीब का भी केंद्र बन गया है। धार्मिक सौहार्द्र की नज़ीर पेश की है। दुर्गा पूजा हो या माह-ए-रमजान, कर्मचारियों और अधिकारियों को विशेष छूट दी जाती है।

भिलाई। भिलाई स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड गंगा-जमुनी तहज़ीब का भी केंद्र बन गया है। धार्मिक सौहार्द्र की नज़ीर पेश की है। दुर्गा पूजा हो या माह-ए-रमजान, कर्मचारियों और अधिकारियों को विशेष छूट दी जाती है। माह-ए-रमजान का पहला रोजा 23 या 24 मार्च को शुरू हो जाएगा। इसको देखते हुए सेल (SAIL) के इस्को बर्नपुर स्टील प्लांट प्रबंधन ने रोजेदारों के लिए ड्यूटी टाइम बदल दिया है।
रमजान 2023 (Ramzan 2023) के रोजे रखने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को जनरल शिफ्ट में आने की जरूरत नहीं होगी। सुबह 9 बजे से शाम 5.30 बजे तक आफिस में अब नहीं रहना होगा। आइएसपी प्रबंधन ने रोजेदारों की सुविधा को देखते हुए जनरल शिफ्ट वालों को एक शिफ्ट में ही बुलाने का आदेश जारी कर दिया है। ईद तक यह छूट दी जा रही है।
इसे तत्काल प्रभाव से लागू करने का आदेश है। सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक कर्मचारी और अधिकारी ड्यूटी पर आएंगे। नाइट शिफ्ट वालों के समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। गर्मी को देखते हुए रोजेदारों को राहत दी जा रही है। 30 दिनों तक सुबह 4 बजे से लेकर शाम करीब 7 बजे तक बगैर खाना-पानी रोजा रखने वालों को इफ्तार से पहले ही घर पहुंचने का मौका मिल जाएगा।
खास बात यह है कि रोजेदार कर्मचारी और अधिकारी भोर में सहरी ओर नमाज के बाद सीधे ड्यूटी के लिए रवाना हो जाएंगे। दोपहर 2 बजे जब घर लौटेंगे तो जोहर की नमाज पढ़ने का भी मौका मिल जाएगा। इस तरह रमजान के दिनों में कार्मिक घर पर आराम कर सकेंगे।
सेल आइएसपी (SAILISP) प्रबंधन की ओर से जीएम पर्सनल सीएफ एंड रूल्स सब्यासाची दत्ता की ओर से आदेश जारी किया गया है। बता दें कि इसी का आदेश दुर्गा पूजा के समय भी प्रबंधन की ओर से जारी किया जाता है। सप्तमी, अष्टमी, नवमी और दसमी यानी चार दिन तक जनरल शिफ्ट आने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को ए शिफ्ट में बुलाया जाता है। सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक ही ड्यूटी कराया जाता है।
इस्को बर्नपुर स्टील प्लांट प्रबंधन की ओर से आदेश जारी होते ही सेल के अन्य इकाइयों के कार्मिकों ने भी इसी तरह की व्यवस्था की मांग कर दी है। कार्मिकों का कहना है कि सेल प्रबंधन को इस पर ध्यान देना चाहिए। एक ही कंपनी में अलग-अलग नियम क्यों है। अन्य इकाइयों के कर्मचारियों और अधिकारियों को बर्नपुर की तरह दुर्गा पूजा और रमजान जैसी सुविधा मिलनी चाहिए।