NSUI: राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बदलाव, सरगुजा के प्रतीक बने राष्ट्रीय सचिव


बलरामपुर/रामानुजगंज। एनएसयूआई की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बड़ा बदलाव किया गया। लोकसभा चुनाव के पहले एनएसयूआई द्वारा देशभर में आठ महासचिव और 21 सचिवों की नियुक्ति की गई है। वहीं राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सरगुजा संभाग से पहली बार छात्र नेता प्रतीक सिंह को स्थान देते हुए राष्ट्रीय सचिव की बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन द्वारा गुरुवार को यह आदेश अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के द्वारा जारी किया गया।

नगर के वार्ड क्रमांक चार निवासी प्रतीक सिंह ने राजनीति की शुरुआत 2009 में एनएसयूआई के साधारण सदस्य के रूप में की। एक वर्ष काम करने के बाद महाविद्यालय एनएसयूआई का उपाध्यक्ष बनाया गया वही संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए 2010 में संगठन का ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया। ब्लॉक अध्यक्ष में 2 वर्ष काम करने के बाद अविभाजित सरगुजा का जिला महासचिव बनाया गया इस पद पर भी 2 वर्षों तक प्रतीक ने कार्य किया।

2013 में जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष के रूप में प्रतीक ने 2013 से 2019 तक कार्य किया। इसके बाद प्रतीक को एनएसयूआई का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया। इस पद पर प्रतीक ने 2021 तक कार्य किया। इसके बाद एनएसयूआई के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में बड़ी जवाबदारी संगठन की ओर से मिली।

एनएसयूआई के राष्ट्रीय संयोजक बनने के बाद संगठन के विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लिये व दिल्ली विश्वविद्यालय चुनाव में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के कारण प्रतीक हमेशा संगठन के नजर में रहे जिस कारण उन्हें एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव के रूप में बड़ी जवाबदारी मिली।