छत्तीसगढ़ पुलिस के हत्थे चढ़ा शाहरूख खान, साथियों के साथ की थी सूने मकान में सेंधमारी… यूपी का है गैंग


राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ की राजनांदगांव पुलिस ने सूने मकानों में सेंधमारी करने वाले गिरोह को पकड़ने में सफलता पाई है। गिरोह का सरगना शाहरुख खान अपने साथियों के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देता था। 25 फरवरी को हुई एक चोरी के बाद के बाद पुलिस ने इन पर सिकंजा कसा। पुलिस ने शाहरुख खान के साथ उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने पांच लाख से ज्यादा का कैश और सोने चांदी के जेवरात जब्त किए हैं। यह पूरी कार्रवाई जिले की बसंतपुर पुलिस व साइबर सेल की टीम ने की है। शातिर गैंग यूपी का है।

मिली जानकारी के अनुसार राजनांदगांव शहर के महेश नगर में 25 फरवरी को सूने मकान का ताला तोड़कर आरोपियों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। जहां अलमारी में रखी नकदी और सोने-चांदी के जेवराज चोरी कर लिए थे। इस मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस अलर्ट हुई और चोरों की पतासाजी में जुट गई। बसंतपुर थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम ने जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से पुलिस ने एक सिल्वर कार जो संदिग्ध वाहन थी, उसे ट्रेस किया। जहां आसपास के प्रदेश की पुलिस को अलर्ट किया गया।

जबलपुर पुलिस की मदद से मिली सफलता
पुलिस को सीसीटीवी की मदद से पता चला कि मध्य प्रदेश की ओर यह कार गई है, जहां जबलपुर पुलिस की मदद से राजनांदगांव पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से पांच लाख 63 हजार रुपये नकद सोने-चांदी के जेवराज, बरामद किया है। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से कार से आकर आरोपियों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया जाता था। मामले में शाहरुख खान और दो अन्य साथी चोरों को गिरफ्तार किया गया है।

सीएसपी राजनांदगांव अमित पटेल ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से कार से आकर आरोपियों द्वारा घर की रेकी करते हुए सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाता था। शहर के महेश नगर में भी आरोपियों ने 25 फरवरी को चोरी की घटना को अंजाम दिया, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई थी। जल्द ही पुलिस को सफलता मिली और आरोपियों को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया गया।