Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124
Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124

मुंबई। महाराष्ट्र के पुणे में चर्चित पोर्श एक्सीडेंट केस के बाद अब मुंबई में हिट एंड रन की घटना सामने आई है। मुंबई के वर्ली में रविवार (7 जुलाई) सुबह एक तेज रफ्तार BMW ने स्कूटी सवार दंपती को टक्कर मार दी। आरोपी ने मौके से भागने के दौरान 45 साल की महिला को कार से 100 मीटर तक घसीटा, जिससे उनकी मौत हो गई। पति घायल है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना के नेता राजेश शाह का 24 साल का बेटा मिहिर शाह चला रहा था। उसके साथ ड्राइवर भी था। घटना के बाद से मिहिर फरार है। पुलिस ने राजेश शाह और ड्राइवर को हिरासत में लिया है। कार भी जब्त कर ली है। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि वर्ली के कोलीवाड़ा इलाके में रहने वाले प्रदीप नखवा और उनकी पत्नी कावेरी नखवा मछुआरे समुदाय के हैं। दोनों हर रोज ससून डॉक पर मछली खरीदने जाते थे।
हर रोज की तरह वे रविवार को भी ससून डॉक से लौट रहे थे। इसी दौरान सुबह 5:30 बजे अटरिया मॉल के पास एक तेज रफ्तार BMW ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी पलट गई और दोनों पति-पत्नी कार के बोनट पर गिर गए। पति खुद को बचाने की कोशिश में बोनट से तुरंत कूद गया, लेकिन पत्नी उठ नहीं सकी। भागने की हड़बड़ी में आरोपी ने महिला को कुचल दिया और कार से करीब 100 मीटर तक घसीटा।
इसके बाद आरोपी मिहिर और उसका ड्राइवर कार लेकर भाग गए। घायल महिला को मुंबई सेंट्रल स्थित नायर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पति का फिलहाल इलाज चल रहा है। मछुआरे दंपती हर रोज मछली लाने के लिए ससून डॉक जाते थे। आज भी वे ससून डॉक गए थे। लौटने के दौरान हादसा हुआ।
हादसे के बाद वर्ली पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी चेक किए, जिससे पता चला कि गाड़ी शिवसेना नेता राजेश शाह की है। राजेश शाह पालघर में सत्ताधारी शिवसेना (शिंदे गुट) के डिप्टी लीडर हैं। वर्ली पुलिस ने हिट-एंड-रन का मामला दर्ज कर सफेद रंग की BMW कार जब्त कर ली है। पुलिस की जांच में सबूत मिटाने की कोशिश की बात भी सामने आई है। कार की विंडशील्ड पर शिवसेना का स्टिकर लगा था।
घटना के बाद स्टिकर को खरोंचकर हटाने की कोशिश की गई, ताकि पार्टी के साथ गाड़ी का कनेक्शन छिपाया जा सके। कार की एक नंबर प्लेट भी हटा दी गई, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को स्कैन किया, जिससे कार मालिक का पता चल गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मिहिर शाह घटना के वक्त नशे में था। उसने शनिवार (6 जुलाई) की रात जुहू के एक बार में शराब पी। घर जाते समय उसने ड्राइवर से लॉन्ग ड्राइव पर चलने को कहा। वर्ली में मिहिर ने गाड़ी ड्राइव करने की जिद की और कार चलाने लगा। थोड़ी दूर आगे बढ़ने के बाद उसने दंपती को टक्कर मार दी। घटना के बाद से उसने अपना फोन बंद कर लिया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।