दिल्ली जल बोर्ड ऑफिस पर पथराव, मटके फेंके:आतिशी बोलीं- भाजपा नेता दफ्तरों पर हमले करवा रहे, पाइपलाइन को नुकसान पहुंचा रहे


नई दिल्ली। दिल्ली में जल संकट विवाद रविवार को हिंसक हो गया। सैकड़ों की संख्या में आए लोगों ने छतरपुर जल बोर्ड ऑफिस पर पथराव और तोड़फोड़ की। ऑफिस पर मटके फेंके, जिसकी वजह से शीशे टूट गए। हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

इस घटना पर दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कहा- दक्षिण दिल्ली के पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी भाजपा के गुंडों को लेकर आए और जल बोर्ड के दफ्तर में तोड़फोड़ करवाई। हमने इसका वीडियो दिल्ली पुलिस को भेज दिया है। क्या दिल्ली पुलिस FIR करेगी।

आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग पाइपलाइन काे नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे सप्लाई प्रभावित हो रहा है। भाजपा के नेता टूटी पाइपलाइन के पास कैसे पहुंच जा रहे हैं। वे यहां फोटो क्लिक कराते हैं। मैंने पुलिस कमिश्नर को चिट्‌ठी लिखकर पाइपलाइनों की सिक्योरिटी की मांग की है। भाजपा ने दिल्ली में जल संकट को लेकर 14 जगहों पर केजरीवाल सरकार के खिलाफ मटका फोड़ प्रदर्शन किया। इसमें प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज भी शामिल हुईं। सचदेवा ने कहा- दिल्ली में पानी की कमी के लिए अगर कोई जिम्मेदार है तो वह सीएम अरविंद केजरीवाल हैं।

वहीं बांसुरी स्वराज ने कहा- दिल्ली में जल संकट प्राकृतिक समस्या नहीं है। यह AAP द्वारा बनाई गई किल्लत है। दिल्ली के पास पर्याप्त पानी है। हरियाणा भी ज्यादा पानी रिलीज कर रहा है। 10 साल में AAP ने दिल्ली जल बोर्ड को 600 करोड़ के प्रॉफिट से 73 हजार करोड़ के लॉस में ला दिया है।

दिल्ली सरकार में मंत्री और AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा- कुछ दिनों पहले कुछ वीडियो को खास तरह के लोगों ने वायरल किया। इसमें कहा जा रहा था कि दिल्ली में पानी की लीकेज हो रही है। मुझे नहीं लगता कि वह लीकेज नेचुरल है, मुझे लगता है कि कुछ लोग जानबूझकर लीकेज कर रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा- कल दक्षिण दिल्ली में पाइप को बांधने वाले नट-बोल्ट कटे हुए मिले, वह किसने काटे? उसकी वजह से आज पूरे दक्षिण दिल्ली में पानी नहीं आया। मैं जनता से निवेदन करूंगा कि वे इस पर निगरानी रखें, क्योंकि कुछ लोग इन पाइपलाइनों को तोड़ने का षड्यंत्र कर रहे हैं।