सुपेला और नेहरू नगर अंडर ब्रिज को मिला नया नाम, इन दिवंगत जनप्रतिनिधियों के नाम जाने जाएंगे


भिलाई। सुपेला आकाश गंगा के पास नवनिर्मित अंडर ब्रिज को अब स्व. विद्यारतन भसीन के नाम से जाना जाएगा। इसी तरह नेहरू नगर अंडर ब्रिज को स्व. भजनसिंह निरंकारी के नाम से जाना जाएगा। इसकी मंजूरी एमआईसी ने दे दी है। भिलाई नगर निगम के महापौर परिषद की बैठक सोमवार को महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता में बुलाई गई। इस दौरान आयुक्त देवेश कुमार ध्रुव, अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी, उपायुक्त नरेन्द्र कुमार बंजारे और परिषद के सदस्यो के बीच सुपेला और नेहरू नगर अंडर ब्रिज के नामकरण का प्रस्ताव रखा गया।

इस दौरान परिषद के सामने 25 प्रस्ताव विचार के लिए रखे गए थे, जिसमें प्रमुख रूप से आकाश गंगा सुपेला अंडर ब्रिज का नामकरण पूर्व विधायक, महापौर स्व. विद्यारतन भसीन और नेहरू नगर अंडर ब्रिज का नाम पूर्व विधायक स्व. भजनसिंह निरंकारी के नाम से रखने का प्रस्ताव को पारित किया गया। इसके साथ ही जोन क्रमांक 2 में खेल निर्मित मैदानो का रखरखाव व सधारण खेल संघो के माध्यम से कराये जाने का प्रस्ताव बनाकर अगले महापौर परिषद में रखने के लिए कहा गया। राजस्व अधिकारी के पद पर पदोन्नति के संबंध में सलाहकार समिति के माध्यम से परीक्षण कर आगामी बैठक में पुनः प्रस्तुत करने हेतु सुझाव दिया।