Bhilai Breaking : बैंक से पार हो गई खातेदार की एफडी, महिला ने बताया बिना उसकी जानकारी दूसरे खाते में ट्रांसफर हुई रकम


भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाने धोखाधड़ी का एक अलग ही मामला सामने आया है। यहां एक महिला की एफडी को प्रामेच्योर कर बिना उसकी जानकारी के दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिया। महिला के खाते से 3 लाख 60 हजार रुपए पार हो गए। महिला ने खाते की डिटेल निकलवाई और उसके बाद थाने पहुंचकर इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। महिला की शिकायत पर भिलाई नगर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार यह मामला यूनियन बैंक ऑफ इंडिया से जुड़ा हुआ है। रसियन कॉम्पलेक्स सेक्टर-7 निवासी हरि प्रिया (32) ने भिलाई थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि उनका यूनियन बैंक आफ इंडिया में खाता है। उन्होंने अपने खाते में आनलाईन फिक्स डिपाजिट किया था। महिला ने 4 मई 2022 को 40000 रुपये, 28 जून 2022 को 53000 रुपये, 29 जुलाई 2022 को 99000 रुपये, 31 जुलाई 2022 को 50000 रुपये, 6 सितंबर 2022 को 90000 रुपये तथा 7 अक्टूबर 2022 को 100000 रुपये कुल 6 अलग-अलग किश्तों में 4 लाख 32000 रुपए जमा किए।

महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि एफडी की मैच्युरिटी से पहले ही उनकी जानकारी के बिना प्री मेच्योर कर अलग अलग किश्तों में 4 लाख 27 हजार 240 रुपए उनके खाते में ट्रांसफर किया गया। इसके बाद उनके खाते से बिना जानकारी बैंक द्वारा 3 लाख 60000 रुपये किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कर दिए। महिला ने दिसम्बर 2023 को अपना ट्रांजेक्शन डिटेल चेक किया तो उन्हें इसका पता चला। इस संबंध में बैंक में शिकायत करने पर कुछ नहीं किया गया। बैंक वाले मामले से पल्ला झाड़ रहे हैं। इसके बाद महिला थाने पहुंची। महिला की शिकायत पर भिलाई नगर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आशंका है कि इस मामले में बैंक के किसी कर्मचारी की भूमिका भी हो सकती है।