छत्तीसगढ़ की इस महिला को मिला श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा, 1200 से ज्यादा शवों के पोस्टमार्टम में किया है सहयोग


कांकेर। अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए देशभर में प्रतिष्ठित लोगों को शामिल होने का निमंत्रण भेजा जा रहा है। छत्तीसगढ़ में भी कई प्रतिष्ठित लोगों को निमंत्रण मिल रहा है। इसी कड़ी में कांकेर जिले के नरहरपुर ब्लॉक में रहने वाली एक महिला संतोषी दुर्गा को अयोध्या में रामलला की प्रतिष्ठा में शामिल होने का निमंत्रण मिला है। संतोषी दुर्गा निमंत्रण पाने से काफी खुश हैं। संतोषी दुर्गा वह महिला है जो नरहरपुर सामुदायिक केंद्र में शवों के पोस्टमार्टम में सहयोग करती है।

कांकेर जिले के ब्लाक नरहरपुर में रहने वाली संतोषी दुर्गा ने बताया कि अयोध्या के लिए पहले निमंत्रण के लिए रायपुर से फोन फिर उन्हे पोस्ट के जरिए निमंत्रण कार्ड भी मिला। संतोषी बेहद खुश है, पर उन्हें इस बात का दर्द भी है कि उनके पिता पोस्टमार्टम जैसा कार्य करते थे और अब वो इस कार्य को कर रही है। उन्होंने बताया कि उनका अब तक नियमितिकरण नहीं हुआ है। रामलला के पास वे अपनी नियमितिकरण की अर्जी लेकर जाएंगी।

कांकेर जिले के ब्लाक नरहरपुर में रहने वाली संतोषी दुर्गा अब तक 1200 से ज्यादा शवों के पोस्टमार्टम में सहयोग कर चुकी है और कई शवों का पीएम भी किया है। संतोषी दुर्गा की माने तो उसके पिता रतन सिंह सिंदूर नरहरपुर के सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र में पोस्टमार्टम का काम करते थे। वे अक्सर शराब पीते थे। संतोषी दुर्गा उन्हें मना करती तो वे कहते कि बिना शराब पिए शवों की चीरफाड नहीं कर सकते। इस पर संतोषी दुर्गा ने पिता को चैलेंज किया वह बिना शराब पिए यह काम करेंगी। वर्ष 2004 अब तक करीब 1200 लोगों का पोस्टमार्टम में सहयोग कर चुकी है।