छत्तीसगढ़ में हुई अनोखी शादी : बालोद में ढाई फीट की दुल्हन का मिला ढाई फीट का दूल्हा


बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में इन दिनों एक अनोखी शादी की चर्चा हो रही है। यहां एक वामन जोड़े ने शादी की है। 35 साल की उम्र में दोनों ने एक दूसरे के साथ शादी की। इसमें दूल्हा व दुल्हन की हाइट मात्र ढाई-ढाई फीट की है। शादी के बाद दोनों एक दूसरे का सहारा बनकर काफी खुश हैं। वहीं इस नव विवाहित जोड़े को देखने दूर दूर से लोग पहुंच रहे हैं।

बालोद जिले के गुण्डरदेही ब्लॉक के ग्राम सिरसिदा के देवांगन परिवार यह शादी हुई है। यहां मात्र ढाई फीट की युवती रामेश्वरी को अपना मनीष के रूप में दूल्हा मिल गया। कुछ दिन पहले ही दोनों का गांव में सामाजिक रीति रिवाज से विवाह संपन्न हुआ। रामेश्वरी देवांगन ने मनीष कुमार के साथ सात फेरे लिए। रामेश्वरी अपने माता पिता की बड़ी बेटी है और उसके दो भाई हैं। वह सिलाई का काम करती है। रामेश्वरी का रिश्ता भरदा (टटेंगा) के रहने वाले मनीष कुमार से तय हुआ जो कि एक प्राइवेट कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करते हैं। इस शादी के बाद दोनों परिवार काफी खुश हैं। दोनों का ईश्वरीय आकार सामाजिक मापदंडों के अनरूप नहीं होने के कारण शादी में दिक्कत आ रही थी जो कि अब ठीक हो गया।