Weather Update: 37 डिग्री से ऊपर पहुंचा तापमान; धीरे-धीरे चढ़ रहा पारा, अभी और तपाएगी तेज धूप


रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम साफ होने के बाद तेज धूप खिली हुई है। अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो रही है। आने वाले दिनों में तापमान और बढऩे की संभावना है। वहीं प्रदेश में अधिकतम तापमान 37 डिग्री से ऊपर जा पहुंचा है। आज शनिवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

बीते दिनों की बारिश और ओलावृष्टि की वजह से प्रदेश के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही थी। वहीं प्रदेश में नमी हवाओं का भी आगमन हो रहा था। इससे पारा गिरने लगा था, लेकिन अब प्रदेश में मौसम साफ होने के बाद एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी होगी। बीते दिनों की तुलना में पारा धीरे-धीरे बढ़ रहा है।

अभी और बढ़ेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस तक बढऩे की संभावना है। इसके बाद तापमान में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। मौसम एक्सपर्ट का कहना है कि प्रदेश में अब मौसम साफ हो गया है। अब तेज धूप और गर्मी का दौर शुरू होने वाली है। आने वाले दिनों में तेज धूप के साथ गर्मी पडऩे की संभावना है।

सबसे गर्म इलाका रहा डोंगरगढ़
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस डोंगरगढ़ में दर्ज किया गया है। यह प्रदेश में सबसे गर्म इलाका रहा है। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके आलावा राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो कि सामान्य से दो डिग्री कम रहा। यहां न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री दर्ज किया गया है।