चाहे अफसर का लड़का हो या किसी बड़े नेता का, महिला को कार से कुचलने के मामले पर मंत्री सख्त


मुंबई (एजेंसी)। महाराष्ट्र के एक वरिष्ठ ब्यूरोक्रेट अनिल कुमार गायकवाड़ के बेटे अभिजीत पर प्रेमिका को कार से कुचलने का मामला बढ़ता जा रहा है। मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने साफ कह दिया है कि आरोपी को कानून का सामना करना पड़ेगा, भले ही वह किसी भी नेता या अधिकारी का बेटा हो।

अगर अपराध किया है तो…
चंद्रपुर की घटना पर मुनगंटीवार ने कहा, ‘चाहे वह किसी अधिकारी का बेटा हो या किसी बड़े नेता का बेटा, उसे कानून का सामना करना पड़ेगा। कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन क्या है। अगर अपराध किया है, तो सजा भी मिलेगी।

शिवसेना (यूबीटी) का भाजपा पर वार
शिवसेना (यूबीटी) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह घटना न केवल रोंगटे खड़े कर देती है, बल्कि सत्ता में बैठे कई लोगों को भी उजागर करती है। इस अपराध को अंजाम देने वाला आरोपी भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा का अध्यक्ष है और उसके पिता ठाणे जिले में एक बहुत वरिष्ठ नौकरशाह हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा की बात करती है, लेकिन सच में यह हो रहा है। महिलाओं पर अत्याचार होते हुए महाराष्ट्र में नहीं देखा जा सकता है। उन्होंने आगे कहा कि यह एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। भाजपा से सवाल करना चाहती हूं कि पार्टी ऐसे लोगों पर जिम्मेदारी कैसे डाल सकती है जो इतने महिला विरोधी हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या यह भाजपा का महिला बचाओ महिला बढ़ाओ अभियान संदेश देता है?

भाजपा का पलटवार
वहीं भाजपा नेता नारायण राणे ने कहा कि आज विपक्ष कह रहा है कि महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था बिगड़ गई है। मेरा सवाल है कि दिशा सालियान और सुशांत सिंह दोनों की हत्या उनके समय में हुई थी, क्या उस समय कानून-व्यवस्था थी? उन्होंने आगे कहा कि आज जब एक महिला को कार ने कुचल दिया तो यह कहना गलत है कि कानून-व्यवस्था ठीक नहीं है। राणे ने कहा कि उनके पास कोई अन्य विषय नहीं है। हमारी सरकार महाराष्ट्र में अच्छा काम कर रही है। अगर मामला दर्ज किया जाता है तो आरोपी को जांच के बाद गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कांग्रेस ने की घटना की निंदा
इसके अलावा कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने भी घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि यह बहुत दुखद है कि हमारे समाज में सोचने का तरीका अभी भी नहीं बदला है। खासकर इस तरह के मामलों में, जहां प्यार शामिल है। कई बच्चे इस तरह के मामलों में आत्महत्या, हत्या और ऐसे अन्य अपराध करते हैं। मेरी राय में, यह एक सामाजिक बुराई है जिसे ठीक करने की आवश्यकता है।

यह है मामला
एक 26 साल की महिला ने अपने प्रेमी पर आरोप लगाया है कि उसने कथित तौर पर ठाणे में अपनी एसयूवी से उसे कुचलने की कोशिश की। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी महाराष्ट्र के एक वरिष्ठ ब्यूरोक्रेट का बेटा अश्वजीत गायकवाड़ हैं। पीडि़ता प्रिया सिंह एक पेशेवर ब्यूटीशियन हैं। प्रिया ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में यह बात साझा की है। यह घटना 11 दिसंबर को हुई थी। पुलिस ने आरोपी अश्वजीत और दो अन्य के खिलाफ कई धाराओं के तहत कासरवडवली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया था।